शुक्लागंज, उन्नाव। गेस्ट हाउस के बाहर से चोरी हुई मोटरसाइकिल का चार दिन बाद भी कोई सुराग नहीं लग सका है। जानकारी के अनुसार बाइक नंबर UP35N6769 को अज्ञात चोर 12 मार्च की रात सूर्या गैलेक्सी गेस्ट हाउस के पास से पार कर ले गए।
बताया जा रहा है कि बाइक मालिक एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने गेस्ट हाउस पहुंचे थे और उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल बाहर खड़ी कर दी थी। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब वह वापस लौटे तो बाइक मौके से गायब मिली, जिसके बाद हड़कंप मच गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू करते हुए आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन अभी तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग पाया है।
जांच में यह भी सामने आया कि गेस्ट हाउस के बाहर पार्किंग क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं, जबकि अधिकांश कैमरे केवल अंदर की ओर ही स्थापित हैं। वहीं माराला चौराहे पर लगा सीसीटीवी कैमरा भी सही ढंग से कार्य नहीं कर रहा था। आसपास के अन्य कैमरों की फुटेज भी स्पष्ट न मिलने के कारण पुलिस को जांच में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
पुलिस ने 15 मार्च को अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और बाइक की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
👉 सुरक्षा पर उठे सवाल:
घटना के बाद स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों और गेस्ट हाउस के बाहर भी सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाने चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।k







