-कूड़े के ढेर पर मंडराते अन्ना जानवर, वाहनों से टकराने पर होते दुर्घटना का शिकार
-कचरे से उठती दुर्गंध और धुएं से सांस रोक कर हाईवे गुजरते राहगीर
संवाददाता। प्रलभ चौधरी
बांदा। मवई बाईपास से कृषि विवि केन पुल तक करीब 10 किलोमीटर का हाईवे अब ‘डंपिंग ग्राउंड’ बन चुका है। हाईवे किनारे सड़क पर जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर 24 घंटे सुलगते रहते हैं।जिससे पूरे हाईवे पर भयंकर बदबू और जहरीला धुआँ छाया रहता है। यह सिर्फ गंदगी नहीं, बल्कि राहगीरों के लिए एक बड़ा खतरा और दमघोंटू अनुभव बन चुका है। इन सुलगते कचरे के ढेरों से निकलने वाला घना और जहरीला धुआँ पूरे हाईवे पर फैल जाता है।जिससे विजिबिलिटी भी कम हो जाती है। मजबूरन, लोगों को हाईवे से गुजरते समय मुँह पर कपड़ा रखना पड़ता है। या अपनी सांस रोक कर निकलना पड़ता है। इसके साथ ही, कूड़े पर खाने की तलाश में अन्ना जानवर लगातार मंडराते रहते हैं। ये जानवर अक्सर हाईवे पर आ जाते हैं और तेज़ रफ़्तार से आ रहे वाहनों से टकरा जाते हैं, जिससे न सिर्फ जानवर दुर्घटना का शिकार होते हैं। बल्कि बड़ी सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है। राहगीरों को हर पल इनसे बचने के लिए सावधान रहना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है। कि यह समस्या दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है।लेकिन नगर पालिका का इस ओर कोई ध्यान नहीं है।

नगर पालिका के वाहन डाल जाते कचरा
स्थानीय लोगों ने बताया कि नगर पालिका के वाहन ही रात के अँधेरे में और सुबह-सुबह यह कचरा यहाँ डालकर चले जाते हैं। बताया कि लोगों ने कई बार देखा है। कि पालिका के बड़े-बड़े ट्रैक्टर-ट्रॉलियाँ आती हैं। और सारा कचरा सीधे हाईवे किनारे फेंककर चली जाती हैं। जब शहर से कचरा हटता है, तो वे यहाँ डाल देते हैं।
बोले जिम्मेदार…..
कचरा कलेक्शन वाहनों के हाईवे पर सड़क किनारे कचरा डालने की जानकारी हुई है। इसके लिए सफाई इंस्पेक्टर को आवश्यक निर्देश देते हुए चेतावनी दी गई है। कचरा कलेक्शन वाहनों के हाईवे पर कचरा डालने पर कार्रवाई की जाएगी।हाईवे किनारे जो भी कचरा है उसे जल्द हटवाया जाएगा।
श्रीचंद्र चौधरी, ईओ नगर पालिका बांदा।








