मातृ दिवस क्विज़ प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का हुआ सम्मान

शुक्लागंज। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा मातृ दिवस के पावन अवसर पर आयोजित नगर स्तरीय क्विज़ प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले गंगा प्रसाद मेहता सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के प्रतिभाशाली भैया-बहनों को आज विद्यालय के वंदना सत्र में सम्मानित किया गया। विद्यालय के यशस्वी प्रधानाचार्य डॉ. बृजेंद्र कुमार मिश्र ने विजेता प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह एवं स्नेहभेंट प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। सम्मान समारोह के दौरान विद्यालय परिवार में हर्ष, उत्साह एवं गौरव का वातावरण देखने को मिला।
ज्ञातव्य हो कि बीते 10 मई 2026 को मातृ दिवस के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अनुषांगिक छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा एक ज्ञानवर्धक क्विज़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। प्रतियोगिता में नगर के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। वहीं गंगा प्रसाद मेहता सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज से 55 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
विद्यालय के वरिष्ठ आचार्य अजय विश्वकर्मा एवं सुनील जी के कुशल मार्गदर्शन और प्रेरणा से विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। दोनों आचार्य बंधु विद्यार्थी जीवन से ही अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सक्रिय कार्यकर्ता रहे हैं और निरंतर विद्यार्थियों को राष्ट्रहित, समाजहित एवं व्यक्तित्व विकास से जुड़ी गतिविधियों में भाग लेने हेतु प्रेरित करते रहते हैं। उनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों में बौद्धिक विकास के साथ-साथ अनुशासन, संगठन एवं नेतृत्व क्षमता का भी विकास हो रहा है।
सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य डॉ. बृजेंद्र कुमार मिश्र ने कहा कि प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभा को निखारने का सशक्त माध्यम होती हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद जैसे संगठन युवाओं में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक चेतना एवं सकारात्मक नेतृत्व निर्माण का कार्य कर रहे हैं। विद्यालय के विद्यार्थियों ने जिस लगन और उत्साह के साथ प्रतियोगिता में सहभागिता की, वह अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायी है।
उन्होंने विजेता प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ इस प्रकार की बौद्धिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में सहभागिता विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन विद्यालय के खेल प्रशिक्षक प्रदीप द्विवेदी द्वारा किया गया। उन्होंने अपनी सुंदर संचालन शैली से कार्यक्रम को व्यवस्थित एवं प्रेरणादायी बनाया। वंदना सत्र में उपस्थित समस्त आचार्य बंधुओं एवं विद्यार्थियों ने विजेता भैया-बहनों का तालियों की गड़गड़ाहट के साथ अभिनंदन किया।
विद्यालय परिवार ने इस अवसर पर यह संकल्प भी व्यक्त किया कि भविष्य में भी विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण, ज्ञानवर्धन एवं संस्कार आधारित गतिविधियों में अधिकाधिक सहभागिता के लिए प्रेरित किया जाता रहेगा, ताकि वे समाज एवं राष्ट्र का नाम गौरवान्वित कर सकें।

शेयर करें
  • Hari Om Gupta

    Editor In Chief - The News 80

    Related Posts

    गंगा प्रसाद महते सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में समर कैंप का उल्लासपूर्ण समापन

    शुक्लागंज। विद्या भारती की शिक्षा पद्धति एवं संस्कारमय परंपरा के अनुरूप गंगा प्रसाद महते सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में संचालित बहुप्रतीक्षित समर कैंप का आज अत्यंत उत्साह, अनुशासन एवं…

    शेयर करें

    ज्वेलर्स लूट के बाद हाई अलर्ट, गंगाघाट पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को दबोचा

    उन्नाव। सदर कोतवाली क्षेत्र के भौनी खेड़ा में ज्वेलर्स के यहां हुई दिनदहाड़े लूट की वारदात के बाद पूरे जिले में पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर नजर आया। घटना के…

    शेयर करें

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *