शुक्लागंज। कोतवाली गंगाघाट क्षेत्र के जाजमऊ चौकी अंतर्गत चंदन घाट पर बुधवार शाम बड़ा हादसा हो गया। गंगा स्नान करने गए पांच युवक अचानक गहरे पानी में चले गए, जिससे सभी डूबने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तीन युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन दो युवक गहरे पानी में समा गए।
घटना की सूचना मिलते ही गंगाघाट पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान चलाया गया, जिसमें एक युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान जीतू शर्मा पुत्र अज्ञात, निवासी जालिमखेड़ा थाना अचलगंज के रूप में हुई है।
वहीं दूसरे डूबे युवक की पहचान आशीष गुप्ता पुत्र संजय गुप्ता, निवासी जालिमखेड़ा थाना अचलगंज के रूप में हुई है, जिसकी तलाश अभी भी जारी है।
पुलिस के अनुसार गंगा में पानी की गहराई अधिक होने के कारण यह हादसा हुआ। स्थानीय लोगों का कहना है कि चंदन घाट पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था न होने के कारण श्रद्धालु अक्सर गहरे पानी में उतर जाते हैं, जिससे इस तरह की घटनाएं होती रहती हैं।
मौके पर जाजमऊ चौकी प्रभारी विनोद सिंह सहित पुलिस बल मौजूद रहा और बचाव कार्य जारी है।
👉 प्रशासन से मांग: स्थानीय लोगों ने घाट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, चेतावनी बोर्ड और गोताखोरों की स्थायी तैनाती की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।






