शुक्लागंज, उन्नाव। मानसून से पहले उन्नाव प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया। गुरुवार को गंगाघाट क्षेत्र के आनंद घाट पर आयोजित भव्य मॉकड्रिल में बाढ़ आपदा से निपटने की तैयारियों का दमदार प्रदर्शन किया गया।

सायरन बजते ही एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पीएसी बाढ़ दल की टीमें हरकत में आ गईं और देखते ही देखते राहत एवं बचाव अभियान शुरू हो गया। मॉकड्रिल के दौरान अचानक बाढ़ आने और नाव पलटने जैसी परिस्थितियां तैयार की गईं। नदी में फंसे लोगों को मोटरबोट और आधुनिक उपकरणों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया।

डूब रहे लोगों का रेस्क्यू कर मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया, जिससे आपदा के समय होने वाली कार्रवाई का वास्तविक अनुभव देखने को मिला। राहत शिविरों की व्यवस्था, भोजन, पेयजल, चिकित्सा सुविधा और घायलों को अस्पताल पहुंचाने तक की पूरी प्रक्रिया का सफल प्रदर्शन किया गया। प्रशासन ने यह संदेश दिया कि किसी भी आपदा की स्थिति में लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

अपर जिलाधिकारी सुशील कुमार गोंड ने कहा कि बाढ़ जैसी आपदाओं से निपटने के लिए सभी विभागों का समन्वय और जनता की जागरूकता बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से “सचेत” ऐप का उपयोग करने और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने की अपील की।
आनंद घाट पर हुए इस मेगा मॉकड्रिल ने साफ कर दिया कि बाढ़ से लड़ने के लिए प्रशासन की तैयारी पूरी है, अब जरूरत है जनता के सहयोग और सतर्कता की।






