उन्नाव। नवरात्र और दुर्गा पूजा के समापन व मूर्ति विसर्जन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। मंगलवार को जिलाधिकारी गौरांग राठी एवं पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने एडीएम, एएसपी व अन्य विभागीय अधिकारियों के साथ गगनीखेड़ा झील विसर्जन स्थल का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने स्थल पर की गई व्यवस्थाओं – जैसे बैरिकेडिंग, भीड़-नियंत्रण, गोताखोरों की तैनाती, सुरक्षा बलों की ड्यूटी, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी – का बारीकी से जायज़ा लिया। इस दौरान डीएम व एसपी ने साफ कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या दुर्घटना न हो, इसके लिए हर स्तर पर सतर्कता बरती जाए।

डीएम गौरांग राठी ने नगर पालिका, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग और गोताखोर दल को निर्देश दिए कि विसर्जन के दौरान पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, पानी व सफाई, तथा आपातकालीन बचाव दल की मौजूदगी सुनिश्चित की जाए। पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने अधिकारियों को भीड़ प्रबंधन के लिए पर्याप्त पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मियों, पीए सिस्टम (घोषणा प्रणाली) और नियंत्रण कक्ष स्थापित करने के आदेश दिए।
अधिकारियों ने मौके पर मौजूद कर्मचारियों से बात कर उनकी ड्यूटी की जानकारी ली और व्यवस्थाओं को और मजबूत बनाने के लिए सुझाव भी दिए। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे विसर्जन के दौरान पुलिस व प्रशासन के निर्देशों का पालन करें ताकि पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न हो सके।







