भव्य खाटू श्याम दरबार, छप्पन भोग, भजन संध्या और रात्रिभर भंडारे की रहेगी विशेष व्यवस्था
शुक्लागंज। नगर में धार्मिक आस्था और भक्ति भाव का प्रतीक बन चुका श्री श्याम दीवाना मित्र मंडल (पंजीकृत) इस वर्ष भी अपने ग्यारहवें वार्षिक महोत्सव का आयोजन बड़े ही धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ करने जा रहा है। मंडल के पदाधिकारियों ने बताया कि यह आयोजन कल दिनांक 8 नवंबर, दिन शनिवार, सायं 7 बजे से प्रारंभ होगा, जिसकी शुरुआत बाबा श्याम की मंगल आरती से की जाएगी।
महोत्सव में देश के विभिन्न प्रांतों से ख्याति प्राप्त भजन प्रवाहक एवं श्याम भक्त कलाकार उपस्थित रहेंगे, जो अपने मधुर भजनों और संगीतमय प्रस्तुति से भक्तों को भक्ति रस में सरोबार कर देंगे।
इस अवसर पर खाटू नरेश का अलौकिक दरबार सजाया जाएगा, जिसमें बाबा श्याम का विशेष श्रृंगार कलकत्ता के फूलों से किया जाएगा। साथ ही भक्तों के दर्शनार्थ छप्पन भोग की भव्य झांकी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी।
मंडल के पदाधिकारियों ने नगरवासियों एवं आसपास के क्षेत्रों के सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे परिवार सहित कार्यक्रम में पहुंचकर बाबा श्याम के दरबार में शामिल होकर आशीर्वाद प्राप्त करें।



