संवाददाता: अस्तित्व कुशवाहा
उन्नाव। सोहरामऊ थाना क्षेत्र के चौकई गांव में ज़मीनी विवाद को लेकर हुए पारिवारिक झगड़े में एक व्यक्ति की मौत हो गई। 50 वर्षीय सरजू प्रसाद, पुत्र स्वर्गीय बाजदेव, गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनकी इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। परिजन मृतक के छोटे भाई पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं। बता दे कि जानकारी के अनुसार, यह घटना 2 नवंबर को हुई थी, जब गांव में ज़मीन बंटवारे को लेकर दो सगे भाइयों के बीच विवाद बढ़ गया। विवाद इतना गहराया कि दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। इसी दौरान सरजू प्रसाद के छोटे भाई रामू ने उन पर हमला कर दिया, जिससे सरजू गंभीर रूप से घायल हो गए। परिवार वालों ने घायल सरजू प्रसाद को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां हालत गंभीर होने पर उन्हें रेफर कर दिया गया। कई दिनों तक चले इलाज के बाद शनिवार को उनकी मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने बताया कि सरजू प्रसाद शांत स्वभाव के व्यक्ति थे और खेती-किसानी करके परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके परिवार में दो भाई और एक बहन हैं, लेकिन लंबे समय से ज़मीन को लेकर भाइयों के बीच तनाव चल रहा था। परिजनों का आरोप है कि हमले के समय आरोपी भाई रामू ने जानलेवा चोटें पहुंचाईं, जिसके कारण इलाज के दौरान उनकी जान चली गई। सरजू प्रसाद अपने पीछे पांच बच्चे तीन बेटे और दो बेटियां – छोड़ गए हैं। पिता की मौत के बाद परिवार पर आर्थिक संकट का साया मंडराने लगा है। परिजन रो-रोकर बेहाल हैं और आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। सूचना मिलने पर सोहरामऊ पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह मामला पारिवारिक विवाद का लग रहा है। परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आरोपी भाई रामू की तलाश शुरू कर दी है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।







