शुक्लागंज/उन्नाव। स्वामी नारदानंद आश्रम परिसर में चल रहे दशहरा महोत्सव एवं श्रीरामलीला मंचन के अंतर्गत शुक्रवार की रात धार्मिक उत्साह और भक्ति भाव से ओतप्रोत कार्यक्रम हुआ। मंचन की शुरुआत भगवान श्रीराम व केवट संवाद से हुई, जिसमें भगवान श्रीराम के वनगमन प्रसंग को बड़े भावपूर्ण तरीके से प्रस्तुत किया गया। इसके बाद सुमंत वापसी प्रसंग और अंत में महाराज दशरथ मरण लीला का जीवंत चित्रण किया गया।

रामलीला में शामिल कलाकारों ने अपनी दमदार प्रस्तुति और संवाद अदायगी से उपस्थित श्रद्धालुओं व दर्शकों को भावविभोर कर दिया। मंचन के दौरान पूरा पंडाल “जय श्रीराम” के जयकारों से गूंजता रहा। आयोजन स्थल को रंग-बिरंगी विद्युत सज्जा, भव्य पंडाल, मंच और आकर्षक झांकियों से सजाया गया था।

इस मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु, नगर के गणमान्य नागरिक, महिलाएं व बच्चे मौजूद रहे। आयोजन समिति के महामंत्री योगेश मिश्रा ने बताया कि यह कार्यक्रम दशहरा महोत्सव के तहत हर वर्ष आयोजित किया जाता है।जिससे सनातन संस्कृति व रामचरितमानस के आदर्शों को समाज तक पहुंचाया जा सके।







