शुक्लागंज। इंडिया ताइक्वांडो के तत्वावधान में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप 2026 का भव्य आयोजन 18 जनवरी से 22 जनवरी 2026 तक एस.एम.एस. इनडोर स्टेडियम, जयपुर (राजस्थान) में किया जा रहा है। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उन्नाव जिले के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन होने से जिले के खेल जगत में उत्साह और गौरव का माहौल है,उन्नाव स्थित इंपैक्ट दोजांगा ताइक्वांडो अकादमी के चार होनहार खिलाड़ियों — रिद्धि अवस्थी, सिद्धि अवस्थी, सानिया गौतम एवं माही सोनकर — ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में स्थान प्राप्त किया है। इन खिलाड़ियों का चयन कठिन चयन प्रक्रिया के बाद किया गया है,जो उनकी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का प्रमाण है,चयनित सभी खिलाड़ी 17 जनवरी 2026 को कानपुर के रास्ते जयपुर के लिए रवाना होंगे, जहां वे देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के साथ मुकाबला करेंगे और उन्नाव का प्रतिनिधित्व करेंगे,इस उपलब्धि पर जिला उन्नाव ताइक्वांडो कमिटी के अध्यक्ष संजय तिवारी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अंशुमान तिवारी, सचिव आकाश मिश्रा, तकनीकी प्रबंधक आशीष तिवारी, वैभव सविता एवं दीवा ने टीम कोच सोनू और टीम मैनेजर वर्षा सहित सभी चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पदाधिकारियों ने कहा कि उन्नाव के खिलाड़ी निरंतर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं और आने वाले समय में जिले का नाम और ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे,जिले के इन युवा खिलाड़ियों के राष्ट्रीय चैंपियनशिप में चयन से न केवल उन्नाव बल्कि पूरे प्रदेश को गर्व की अनुभूति हो रही है। खेल प्रेमियों और अभिभावकों को उम्मीद है कि ये खिलाड़ी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उन्नाव का नाम राष्ट्रीय पटल पर गौरवान्वित करेंगे।







